दनकौर। कोतवाली क्षेत्र के मकनपुर खादर गांव निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही लोगों पर उसकी जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर करीब 267 गज का प्लॉट हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित को स्थानीय पुलिस से मदद नहीं मिली तो सोमवार को कोर्ट के आदेश पर 5 लोगों पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित जयभगवान ने शिकायत में कहा है कि गांव में उसकी और उसके परिवार की करीब 5 बीघा जमीन है। साल 2023 में गांव के ही सुखदेव, नकुल, सहदेव, प्रेमपाल व जयप्रकाश ने उसके ताऊ व चाचा के फर्जी हस्ताक्षर के साथ करीब 267 गज प्लॉट के दस्तावेज तैयार कर विक्रय पत्र बना लिया है। पीड़ित को कुछ दिन बाद फर्जीवाड़े की जानकारी हुई तो आरोपियों का विरोध किया। आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने पर कोर्ट में गुहार लगाई। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि सभी आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। संवाद