- हादसे में घायल अस्पताल में भर्ती, कार के उड़े परखच्चे
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात सेक्टर-147 के समीप एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग खुल गए। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने राहगीरों की मदद से तुरंत सेक्टर-137 स्थित फेलिक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल की पहचान सेक्टर-93 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले संदीपन कश्यप (46) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक संदीपन रविवार देर रात ग्रेटर नोएडा- नोएडा एक्सप्रेसववे के रास्ते परी चौक की ओर जा रहे थे। तभी उनकी कार का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया। टक्कर के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर तक जाम जैसी स्थिति बन गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। वहीं, कोतवाली प्रभारी सर्वेश चंद्र का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है।