माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में एक कंपनी के बाहर खड़ी कार से देर रात अज्ञात चोर बैटरी चोरी कर ले गए। कामबक्शपुर गुरजा डेरी निवासी निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि सोमवार की रात उनके कार्यालय के बाहर उनकी कार खड़ी थी। इसी दौरान ईको स्पोर्ट कार से आए अज्ञात चोर उनकी कार की बैटरी चोरी कर अपनी गाड़ी में रख रहे थे। तभी कार्यालय में मौजूद एक कर्मचारी ने चोरों की गतिविधि देख ली और उनकी कार का फोटो खींचकर प्रवीण कुमार को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रवीण कुमार अपनी दूसरी कार से आरोपियों का पीछा करने निकले। उन्होंने ईको स्पोर्ट कार को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने जानबूझकर उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बावजूद आरोपी तेज गति से अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में उनके पास फोटो सहित अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।