- क्लाउड प्लेटफॉर्म का सोर्स कोड नहीं सौंपने और 3.51 करोड़ लेने का आरोप, कंपनी के सीईओ समेत तीन पर प्राथमिकी दर्ज
- समय पर सॉफ्टवेयर विकसित नहीं करने और भुगतान लेने की शिकायत, न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुई प्राथमिकी
नोएडा। क्लाउड प्लेटफॉर्म सॉफ्टवेयर विकसित करने के नाम पर करोड़ों रुपये का भुगतान लेने और सोर्स कोड नहीं सौंपने का आरोप लगाया गया है। उसे बाहरी प्लेटफॉर्म पर रखकर पहुंच से बाहर करने का भी आरोप लगा है। मामले में एनएमडीसी डेटा सेंटर प्राइवेट लिमिटेड की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने सॉफ्टवेयर कंपनी, उसके सीईओ और उपाध्यक्ष के खिलाफ मामला दर्ज किया है। तनुज गर्ग एनएमडीसी डेटा सेंटर प्राइवेट लिमिटेड (योटा ग्रुप) के अधिकृत प्रतिनिधि हैं। उनकी कंपनी का कार्यालय ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-5 में है। तनुज ने पुलिस को शिकायत दी है।
समझौते का उल्लंघन और आरोप : शिकायत के अनुसार, 1 अप्रैल 2022 को कोरेज आईओ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता हुआ था। यह समझौता क्लाउड प्लेटफॉर्म सॉफ्टवेयर विकसित करने के लिए था। सॉफ्टवेयर तैयार करने की समयसीमा 1 अप्रैल 2023 तय की गई थी। आरोप है कि कंपनी ने निर्धारित समय में काम पूरा नहीं किया। अगस्त 2024 में शिकायतकर्ता कंपनी को पता चला कि सोर्स कोड बाहरी प्लेटफॉर्म गिटहब पर होस्ट किया गया है। इसकी पहुंच भी उन्हें नहीं दी जा रही है। इसमें 10 अक्तूबर 2025 को करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये का भुगतान भी किया गया था। तनुज ने आरोपी कंपनी पर सोर्स कोड के गबन और साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया है। एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।