- बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद कार छोड़कर फरार हुआ चालक, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में पर्थला चौक के यू-टर्न के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सेक्टर-50 स्थित नियो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ओल्ड हैबतपुर निवासी अमित शाक्य ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता राज किशोर 10 अक्तूबर को दोपहर करीब 3 बजे बाइक से पर्थला चौक के पास से गुजर रहे थे। यू-टर्न लेते समय पीछे से आई तेज रफ्तार स्कोडा कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राज किशोर सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद कार चालक शाहवाज सिद्दीकी वाहन को घटनास्थल से करीब 250 मीटर दूर छोड़कर फरार हो गया। घायल का सेक्टर-50 स्थित नियो अस्पताल के इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।