बोनट पर युवकों को लटकाकर कार दौड़ाई, वीडियो वायरल
नोट- फोटो-वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-18 मार्केट के सामने सड़क पर एक कैब चालक ने विवाद के बाद दो युवकों को बोनट पर लटकाकर तेज रफ्तार में कार दाैड़ा दी। इस घटना का करीब आठ सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने गाजियाबाद नंबर की कार बरामद कर सीज कर दी है। वहीं चालक व अन्य आरोपी अभी पुलिस की पहुंच से बाहर हैं।
वायरल वीडियो में दोनों युवक कार के बोनट पर लटके हुए खुद को संभालने की कोशिश करते दिख रहे हैं। चालक गाड़ी रोकने के बजाय उसे तेजी से आगे बढ़ाता नजर आ रहा है। अचानक हुए इस घटनाक्रम से सड़क पर अफरातफरी मच गई और वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। इससे कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति भी बन गई थी।
थाना सेक्टर-20 पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित वाहन को ट्रेस किया गया। पुलिस ने गाजियाबाद नंबर की इस कार को जब्त कर लिया है। आरोपियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई गई है। गिरफ्तारी के बाद ही घटना के वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे। एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-20 की टीम जांच कर रही है।