नोएडा। सेक्टर-24 और 58 थाने में 3 पीड़ितों ने अपने साथ हुई मोबाइल छिनैती की घटनाओं की शिकायत की। मूलरूप से फरीदाबाद निवासी हजरत अली ने सेक्टर-58 थाने की पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि वह 17 अगस्त की शाम सेक्टर-62 मेट्रो स्टेशन से पैदल जा रहे थे। उसी समय पीछे से बाइक पर दो अज्ञात लोग आए और झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर ले गए।
वहीं, खोड़ा कॉलोनी निवासी अमित कुमार ने पुलिस को बताया कि 12 अगस्त की रात करीब 8 बजे पिता इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन से होते हुए ऑटो के जरिये घर आ रहे थे। जहां जयपुरिया इंस्टीट्यूट के पास दो अज्ञात बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। इसी तरह सेक्टर 24 थाने में राजस्थान के अजमेर निवासी गौरव शर्मा ने शिकायत में बताया कि चार जुलाई की रात करीब 11:30 बजे वह बाइक से घर जा रहे थे। तभी सेक्टर 61 स्थित साईं मंदिर के पास बदमाशों ने उनके हाथ से फोन छीन लिया। सेक्टर 24 थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि मामले में सीसीटीवी कैमरों के जरिए आरोपी की तलाश की जा रही है।