-पीड़ितों की शिकायत के बाद ऑनलाइन फ्रॉड का वितरण तलाश रही है साइबर टीम
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। जेवर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने दो व्यक्तियों के खाते से लाखों रुपये निकाल लिए। आरएंडआर काॅलोनी नगला छीतर निवासी इकराम ने पुलिस को शिकायत दी थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने साइबर फ्रॉड करके उसके खाते से 11.50 लाख रुपये की धनराशि निकाल ली है। पुलिस ने जब प्रारंभिक जांच की तो शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद पुलिस की ओर से ही प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी गई है। वहीं जिस बैंक खाते में फ्रॉड करके धनराशि ट्रांसफर की गई है, उसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं दूसरा मामला लगभग 8 महीने पुराना है, जिसमें शिकायत कर्ता ने अब प्राथमिकी दर्ज कराई है। नगला जहानू निवासी अरशद अली ने पुलिस को बताया कि 19 जनवरी 2026 को उनके मोबाइल को हैक करके 5.25 लाख रुपये की धनराशि विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर ली गई थी। वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जेवर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।