- सेक्टर-80 से दबोचा गया आरोपी, दिल्ली-एनसीआर में करता था तस्करी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। गांजा तस्करी के मामले में एक साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को फेज-2 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुजफ्फरनगर के खतौली स्थित इस्लाम नगर निवासी मोहम्मद शादाब उर्फ सोनू उर्फ शमशाद (34) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ फेज-2 थाने में एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि 22 अक्तूबर को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को सेक्टर-80 के डी-ब्लॉक से गिरफ्तार किया। वह फेज-2 थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में पिछले करीब एक साल से वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी के खिलाफ फेज-2 थाने में वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज थी।