- दिल्ली से गांजा लाकर नोएडा में बेचने का आरोप, कोतवाली सेक्टर-126 पुलिस ने की कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-126 थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलो 150 ग्राम गांजा और बिक्री के 700 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली से गांजा खरीदकर नोएडा में आने-जाने वाले लोगों और झुग्गी-झोपडि़यों में रहने वाले मजदूरों को छोटे-बड़े पैकेट में बेचता था। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, अपहरण और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 30 मुकदमे दर्ज हैं।
एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि मंगलवार को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से आरोपी को साई मंदिर जाने वाले कट के पास से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान असगरपुर गांव, सेक्टर-127 निवासी मोहित अवाना (30) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने दिल्ली से अलग-अलग लोगों के जरिए गांजा खरीदकर लाने और नोएडा में बेचने की बात बताई है। पुलिस बरामद गांजे और नकदी के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 से आपराधिक मामले दर्ज होने का रिकॉर्ड है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास और गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।