-दनकौर कोतवाली क्षेत्र में डेढ़ महीने पहले हुई थी बाइकों की टक्कर
- डेढ़ महीने पर परिजनों ने दर्ज कराई प्राथमिकी
दनकौर। गंग नहर (खेरली नहर) के पास करीब डेढ़ महीने पहले हुई दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज के दौरान एक पैर काटना पड़ा। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मंगलवार को अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ दनकौर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बुलंदशहर जिले के आजमपुर हुसैनपुर गांव निवासी संजय ने शिकायत में बताया कि छोटा भाई अनिल 7 जून की रात ग्रेटर नोएडा से ड्यूटी कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। गंग नहर किनारे सरकपुर गांव के पास एक बाइक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान संक्रमण और गंभीर चोटों के चलते डॉक्टरों को उसका एक पैर काटना पड़ा। घटना के करीब डेढ़ महीने बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।