नोएडा। सेक्टर-62 में सवारी उतार रहे ऑटो चालक सोहेल हुसैन पर कार सवार ने नुकीली वस्तु से हमला किया, जिससे उनके चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। दिल्ली के पहाड़गंज निवासी सोहेल 25 नवंबर की शाम दिल्ली से सेक्टर-62 पहुंचे थे। स्टैलर आईटी पार्क के पास सवारी उतारते समय बुलंदशहर नंबर की कार चालक ने साइड मांगी। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज कर सोहेल पर हमला किया। नुकीली वस्तु के वार से सोहेल की आंख के नीचे का हिस्सा फटा और हाथ की नस कट गई। सेक्टर-58 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की है। एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि पुलिस वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। ब्यूरो