दनकौर। जेवर निवासी खाद व्यापारी ने एक ट्रक के मालिक पर 120 डीएपी बोरे चोरी करने का आरोप लगाया है। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जेवर निवासी नरेंद्र कुमार अग्रवाल ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह खाद बेचने का काम करते हैं। अलीगढ़ के एक ट्रांसपोर्ट के ट्रक से बृहस्पतिवार को करीब 600 डीएपी के बोरे भरकर दनकौर और बिलासपुर के व्यापारियों को बेचने के लिए भेजे थे। आरोप है कि ट्रक मालिक ने करीब 120 बोरे चुरा लिए। पीड़ित को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने ट्रक मालिक से बातचीत की। लेकिन ट्रक मालिक ने नहीं बताया की बोरे कहा गायब हुए हैं। उन्होंने सोमवार को इस मामले में आरोपी ट्रक मालिक मनीष गुप्ता निवासी अलीगढ़ पर केस दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। संवाद