- युवती पर शराब के नशे में सड़क पर रही हंगामा करने का आरोप,
-राहगीरों को परेशान करने की शिकायत पर पुलिस ने कराई मेडिकल जांच
- नशे में धुत युवती ने सड़क को बनाया रंगमंच, तमाशा देखते रहे लोग
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीच सड़क पर लड़खड़ाते कदम और तमाशबीन निगाहों के बीच एक युवती का हंगामा अब सोशल मीडिया की सुर्खियां बन गया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी के बाहर नशे में धुत युवती द्वारा किए गए उत्पात का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार यह घटना 1 जून 2026 की है, जिसमें युवती के खिलाफ मेडिकल परीक्षण के बाद आवश्यक कार्रवाई भी की जा चुकी है।
जानकारी के मुताबिक बिसरख कोतवाली क्षेत्र ग्रेनो वेस्ट स्थित आम्रपाली रिवर व्यू सोसाइटी में एक 32 वर्षीय युवती रहती है। 1 जून को शराब पीने के बाद नशे में होकर महिला ने जमकर हंगामा किया था। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी सामने आया था। जिसमें देखा जा सकता है कि युवती बीच सड़क पर शराब के नशे में लेटी हुई है। साथ ही उसके हाथ में सिगरेट है। वहीं बगल में शराब की बोतल रखी है। वह लगातार हंगामा कर रही है। वहीं आसपास राहगीरों की भीड़ जमा है।
वहां मौजूद लोग उसे लगातार समझाने का प्रयास कर रहे हैं। युवती के बीच सड़क पर हंगामे के कारण ट्रैफिक रुकने से जाम भी लगता है। इस कारण सड़क पर आ-जा रहे लोगों को परेशान होती है। उसके व्यवहार से आसपास मौजूद लोगों को असुविधा हुई तो मामले की सूचना पुलिस तक पहुंची। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस ने महिला को उचित माध्यम से थाने लाकर उसका चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल) कराया। मेडिकल जांच के बाद उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।