नोएडा। सदरपुर गांव के गली नंबर पांच में पानी रोकने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। सदरपुर निवासी दीपक शर्मा ने पुलिस से शिकायत की है कि बृहस्पतिवार को उनके घर के सामने रास्ते का निर्माण हो रहा था। उनके घर का भी निर्माण कार्य चल रहा है। जिसके कारण रास्ते पर आने वाले पानी को दीपक ने रोक दिया। उनका कहना है कि अगर वह पानी को नहीं रोकते तो यह उनके घर में भर जाता और मकान गिरने का खतरा बढ़ जाता। इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले प्रभास, महादेवी, संगीता और सीमा ने दीपक और उनकी मां के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। मारपीट में दोनों को गंभीर चोटें आईं। दूसरे पक्ष के प्रभास ने वीना शर्मा और दीपक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो