दादरी (संवाद)। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के दुजाना गांव में मानव अधिकार संघ मेरठ के अध्यक्ष के साथ गाली-गलौज कर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया दुजाना गांव में मदन सिंह परिवार के साथ रहते हैं। 15 मई को शाम के समय गांव के मुख्य चौक से गुजर रहे थे । तभी गांव के बालू द्वारा शराब के नशे में रास्ता रोका गया। सार्वजनिक रूप से जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर मारपीट की गई। उसके बाद चार अज्ञात साथियों के साथ आरोपी लाठी-डंडों से लैस होकर घर पर हमला बोल दिया। जहां पर पत्नी हेमलता, पुत्री शीतल, सिमी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। घटना की प्राथमिकी बालू व चार अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में दर्ज कराई गई है।