संवाद न्यूज एजेंसी-
ग्रेटर नोएडा। महागुन मायवुड्स सोसाइटी के टावर-7 में लिफ्ट हादसे का शिकार हुआ डिलीवरी बॉय श्याम अभी आईसीयू में भर्ती है। उसके पैर में तीन जगह फ्रैक्चर होने के बाद ऑपरेशन कर रॉड डाली गई है। श्याम के भाई सुमित के मुताबिक, अस्पताल में उसका इलाज जारी है। सुमित ने बताया कि हादसे के बाद श्याम के दोस्तों ने पुलिस में शिकायत दी थी। परिवार चाहता है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। हादसे के बाद से परिवार श्याम की सेहत को लेकर परेशान है। इलाज में बढ़ते खर्च के कारण उनकी चिंता और बढ़ गई है।
इस बीच, सोसायटी के एओए अध्यक्ष अनिल वर्मा ने फोन कर श्याम का हालचाल लिया और उसके भाई सुमित से हादसे के बारे में जानकारी ली। सुमित के अनुसार, अनिल वर्मा ने इलाज में खर्च हुए पैसे दिलाने में मदद करने का भरोसा दिया है। सोमवार देर रात श्याम सामान की डिलीवरी देने टावर-7 पहुंचा था। इस दौरान लिफ्ट पहली और दूसरी मंजिल के बीच फंस गई। श्याम ने इमरजेंसी अलार्म बजाकर मदद मांगी, लेकिन उसके भाई के अनुसार करीब 15 मिनट तक कोई सहायता नहीं मिली। इसके बाद बाहर निकलने की कोशिश में वह लिफ्ट के गड्ढे में गिर गया।