-कैपिटल एथेना सोसाइटी में किचन के रास्ते फ्लैट में घुसकर की थी वारदात, वीडियो हुआ था वायरल
-पुलिस ने आरोपी के पास से करीब चोरी की 10 लाख रुपये की ज्वेलरी और नकदी बरामद की
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित कैपिटल एथेना सोसाइटी के फ्लैट में घुसकर 10 लाख रुपये से अधिक के गहने और नकदी चोरी करने वाले आरोपी को बिसरख कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोहेब (21) निवासी डासना गाजियाबाद के रूप में हुई है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि कैपिटल एथेना सोसाइटी निवासी मनुजपुरी ने शिकायत दी थी कि 1 सितंबर को अज्ञात चोर उनके फ्लैट में घुस गया था। चोर घर से सोने के दो कंगन, एक अंगूठी, दो कान के टॉप्स, रोज गोल्ड की चेन व अंगूठी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गया था। शिकायत के आधार पर बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में जानकारी मिली। बृहस्पतिवार को टीम ने चेकिंग के दौरान बाबा इलायची प्लांट से पहले कट के पास से सोहेब को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से काफी गहने बरामद हुए हैं।
किचन का शीशा तोड़कर फ्लैट में किया था प्रवेशः आरोपी सोसाइटी के मेंटेनेंस विभाग की अधीन काम करता है। वह टावर-6 के फ्लैट नंबर-707 में कारपेंटर का काम कर रहा था। उसके सामने फ्लैट नंबर-702 था। उसे पता चला कि फ्लैट में कोई मौजूद नहीं है। इसके बाद वह किचन के रास्ते फ्लैट के अंदर दाखिल हुआ। कमरे में रखी अलमारी से ज्वैलरी और अन्य सामान चोरी करने के बाद वह किचन के रास्ते ही बाहर निकल गया।
घटना के वक्त घर से बाहर था पीड़ित परिवारः मूल रूप से दिल्ली करोल बाग के रहने वाले मनुज पुरी टॉवर संख्या-6 के सातवें फ्लोर पर अपनी पत्नी नेहा वह बच्चे के साथ रहते हैं। वह साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उनकी पत्नी नेहा रक्षाबंधन त्योहार मनाने के लिए घर गई हुई थी।