नोएडा। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-62 के पास मंगलवार सुबह सड़क किनारे खड़ी कार को पीछे से आई दूसरी कार ने टक्कर मार दी। हादसे में खराब कार को दुरुस्त कर रहे दो लोग घायल हो गए। मेरठ के बुनकर नगर निवासी फैजान अपने साथी जीशान और दो कामगारों के साथ आइ-20 कार से दिल्ली जा रहे थे। सेक्टर-62 के पास अचानक कार में खराबी आ गई। फैजान और जीशान ने कार रोककर बोनट खोला और उसे ठीक करने लगे। दोनों कामगार कुछ दूरी पर खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आई टाटा टियागो कार ने आइ-20 में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर की चपेट में आने से फैजान और जीशान सड़क पर गिर गए। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी अमित कुमार के अनुसार फैजान के बाएं पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि जीशान के हाथ-पैर में चोट आई है। पुलिस ने दोनों कारों को हटवाकर रास्ता साफ कराया, जिसके बाद वाहनों का संचालन सामान्य हो गया। ब्यूरो