माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित विमेन हॉस्टल में बृहस्पतिवार रात एसी के आउटडोर यूनिट में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। यह आग हॉस्टल की छठी मंजिल पर लगी, जिससे छात्राओं में अफरातफरी मच गई। हालांकि, हॉस्टल के अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और कोई घायल नहीं हुआ।
सात मंजिला इस हॉस्टल में करीब पांच सौ महिलाएं रहती हैं, जिनमें ज्यादातर छात्राएं और नौकरीपेशा हैं। सेक्टर-58 थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार रात करीब 2 बजकर 40 मिनट पर छठी मंजिल के एक कमरे में एसी के आउटडोर यूनिट में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। जिस कमरे में आग लगी, उसमें एक छात्रा पढ़ाई कर रही थी। उसे धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और बाहर देखने पर आग लगी होने का पता चला। छात्रा ने तुरंत हॉस्टल की वार्डन और सुरक्षा गार्ड को सूचना दी। आग की खबर मिलते ही अन्य महिलाएं भी जाग गईं और अफरातफरी का माहौल बन गया। हॉस्टल कर्मचारियों ने अग्निशमन उपकरणों का उपयोग कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कुछ ही देर में आग बुझा दी गई। एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि एसी के आउटडोर यूनिट में इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट सामने आया है।