- सीईआईआर पोर्टल से करीब 50 लाख रुपये कीमत के खोजे गए फोन
- कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने ढूंढा मोबाइल, पुलिस को पीडि़तों ने कहा धन्यवाद
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल व सर्विलांस की मदद से लोगों के गुम हुए 225 मोबाइल फोन ढूंढ लिए। इसके बाद सोमवार को पीडि़तों को बुलाकर मोबाइल सुपुर्द किए गए। गुम हुए मोबाइल पाकर पीड़ितों के चेहरे खिल उठे और सभी ने पुलिस को धन्यवाद कहा। इन मोबाइल की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
नोएडा एडीसीपी मनीषा सिंह का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गुमशुदा मोबाइल पर काम किया जा रहा था। भीड़-भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, ऑटो, बसों, मेट्रो आदि से गुम होने वाले मोबाइल फोन की थानों पर आने वाली सूचनाओं को एकत्र किया गया। इसके बाद पुलिस की टीम ने उन मोबाइल को सर्विलांस व अन्य माध्यमों से पता करना शुरू किया। इसके बाद गुम हुए मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले लोगों से पुलिस ने संपर्क किया और बताया कि आप दूसरे का मोबाइल इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके बाद करीब 225 ऐसे मोबाइल को पुलिस ने ढूंढ लिया।
इनमें बड़ी संख्या में मोबाइल ऐसे लोगों के पास थे जिन्हें राह चलते मोबाइल फोन मिल गया था और उन्होंने सस्ते दाम पर बेच दिए थे। एडीसीपी ने बताया कि 101 मोबाइल फोन बरामद कराने में पुलिस की टीम ने अच्छा काम किया है। नोएडा जोन पुलिस ने वर्ष 2023 में 193 मोबाइल फोन पीड़ितों को वापस लौटाए थे।
ईएमआई पर फोन लेने वालों को दोहरी खुशी : जिन 225 लोगों के मोबाइल पुलिस ने ढूंढे हैं। इनमें कुछ लोग ऐसे हैं जिन्होंने ईएमआई पर मोबाइल खरीदे थे लेकिन उनका मोबाइल गुम हो गया था। ऐसे लोग मोबाइल का इस्तेमाल भी नहीं कर रहे थे और ईएमआई भी दे रहे थे। ईएमआई पर मोबाइल खरीदने वाले लोगों को मोबाइल मिलने पर दोहरी खुशी मिली।