- आय से अधिक संपत्ति मामले में हुई कार्रवाई
- सेक्टर-75 स्थित फ्लैट पर तलाशी अभियान, करोड़ों की संपत्ति की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। बिहार पुलिस के आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता पवन कुमार के नोएडा स्थित ठिकाने पर बुधवार को छापेमारी की। ईओयू की टीम ने सेक्टर-75 स्थित मैक्स ब्लिस सोसाइटी के फ्लैट समेत देश के छह ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई से नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में भी दिनभर चर्चा का माहौल रहा।
ईओयू बिहार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पवन कुमार वर्तमान में भवन निर्माण विभाग, बिहार में अधीक्षण अभियंता, भवन निर्माण अंचल-1, पटना-सह-निदेशक, निर्माण इकाई, के पद पर तैनात हैं। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। जांच में प्रथम दृष्टया पवन कुमार के पास ज्ञात आय से लगभग 3.89 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं। यह उनकी वैध आय से करीब 103.94 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इसके आधार पर आर्थिक अपराध इकाई थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ईओयू की टीम ने बुधवार सुबह नोएडा के सेक्टर-75 स्थित एक फ्लैट पर पहुंचकर तलाशी शुरू की। अधिकारियों ने फ्लैट से जुड़े दस्तावेज, निवेश संबंधी कागजात, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि नोएडा में खरीदी गई संपत्तियों के लिए धन का स्रोत क्या था और क्या इन संपत्तियों का संबंध कथित अवैध आय से है। वहीं नोएडा में एक फार्म हाउस भी मिलने की चर्चा है।
आर्थिक अपराध इकाई ने पटना, भागलपुर, नोएडा और नई दिल्ली स्थित कुल छह ठिकानों पर अलग-अलग टीमों के जरिए छापेमारी की। इनमें पटना के उत्तरी श्रीकृष्णपुरी स्थित यमुना निवास अपार्टमेंट का फ्लैट, पटना स्थित कार्यालय, भागलपुर के आनंदगढ़ कॉलोनी में मकान, नोएडा का सेक्टर-75 स्थित फ्लैट, नोएडा का एक अन्य आवासीय ठिकाना और नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 स्थित फ्लैट शामिल हैं। ईओयू ने कहा है कि सभी स्थानों पर तलाशी और दस्तावेजों की जांच जारी है।