- पुलिस का तस्करों पर बड़ा प्रहार, करीब तीन टन गांजा समेत चरस, हेरोइन, एमडीएमए और अन्य मादक पदार्थों को किया नष्ट
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट ने सोमवार को ऑपरेशन दहन के तहत करीब 18.88 करोड़ रुपये कीमत के नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया। यह मादक पदार्थ अलग-अलग मामलों में जिले के विभिन्न थानों में जब्त किए गए थे। कमिश्नरेट पुलिस का दावा है कि पुलिस की टीम लगातार नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, नष्ट किए गए नशीले पदार्थों में 2,918.67 किलोग्राम गांजा, 18.805 किलोग्राम चरस, 30.4 किलोग्राम डोडा, 120 ग्राम एमडीएमए, 1.77 किलोग्राम ड्रग्स की गोलियां और 1.12 किलोग्राम हेरोइन शामिल है। इन सभी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 18 करोड़ 88 लाख 50 हजार 750 रुपये बताई गई है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। चेकिंग और विशेष अभियानों के दौरान पुलिस ने इन नशीले पदार्थों को बरामद किया था। जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण के लिए एक समिति का गठन किया गया था। इसके बाद न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर विधिवत तरीके से इनका विनिष्टीकरण किया गया।