माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिले के औद्योगिक सेक्टरों में आज श्रमिकों को वेतन बांटा जाएगा। ऐसे में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हैं। बड़े उद्योगों के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही जिले को सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अफसरों का कहना है कि किसी को भी माहौल बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा।
पिछले माह वेतन वृद्धि को लेकर जिले में श्रमिकों ने बवाल किया था। नोएडा की कंपनियों में आगजनी के साथ तोड़फोड़ की थी। वाहनों को जला दिया गया। जिसके बाद सरकार ने उच्च स्तरीय समिति गठित कर श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में वृद्धि की। जो एक अप्रैल से लागू की गई। अब मई माह में अप्रैल का वेतन श्रमिकों को दिया जाएगा। एक मई से वितरण चल रहा है, लेकिन 7 मई को ज्यादातर जगह वेतन दिया जाता है। ऐसे में अगर किसी कंपनी में बढ़ा वेतन नहीं दिया गया तो वहां माहौल बिगड़ सकता है। इस कारण पुलिस और प्रशासन पुरी तरह अलर्ट है। डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी सेक्टरों में पुलिस बल तैनात है। कंपनियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।