दनकौर। दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित गंग नहर (खेरली नहर) में छलांग लगाने वाले युवक का शव तीन दिन बाद बरामद हो गया है। सोमवार दोपहर बांजरपुर गांव के पास टीमों ने नहर से शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मूल रूप से अलीगढ़ जिले के टप्पल निवासी राजकुमार पिछले कई वर्षों से मंडी श्याम नगर कस्बे में परिवार के साथ रह रहे हैं। उनका 21 वर्षीय बेटा नीरज शनिवार रात परिवार के लोगों से नाराज होकर घर से निकल गया था। परिजनों के अनुसार, नीरज के पीछे उसकी मां सुधा भी उसे रोकने के लिए दौड़ी थीं, लेकिन घर से करीब एक किमी दूर गंग नहर पुल पर पहुंचकर नीरज ने नहर में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ को बुलाया गया था। दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मृतक के पिता राजकुमार ई रिक्शा चलाते हैं। मरने वाला नीरज दो भाई है। जिसमें वह बड़ा था।