नोएडा (संवाद)। छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के लिए परिवहन विभाग ने निजी बसों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। शुक्रवार को एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय के नेतृत्व में टीम ने दो निजी बसों पर कार्रवाई की। जांच में दोनों बसों में निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई तक ओवरलोड व्यावसायिक माल मिला। एक बस की छत और डिकी में भी व्यावसायिक सामान लदा था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बसों को तत्काल बंद किया गया। यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग ने दूसरी स्लीपर बस की व्यवस्था कर उन्हें गंतव्य भेजा। बसों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई हुई। व्यावसायिक माल मिलने पर जीएसटी विभाग को भी कर चोरी की जांच हेतु सूचित किया गया। डॉ. पांडेय ने यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न करने की बात कही।