नूडल्स में बाल-मच्छर मिलने का आरोप, की शिकायत
- अधिवक्ताओं ने ग्रेनो वेस्ट के रेस्टोरेंट की खाद्य विभाग से की शिकायत, बीमार होने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिला न्यायालय के अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को खाद्य विभाग से ग्रेनो वेस्ट के एक रेस्टोरेंट की शिकायत की है। टीम बनाकर रेस्टोरेंट की जांच करने की मांग की है। आरोप है कि नूडल्स में बाल और मच्छर मिले हैं। खाने से एक अधिवक्ता की तबीयत खराब हो गई। आरोप है कि शिकायत पर संचालक ने दुर्व्यवहार किया।
अधिवक्ता श्याम सिंह भाटी ने बताया कि मंगलवार को वो परिवार के साथ रेस्टोरेंट पर खाना खाने गए थे। वहां नूडल्स में बाल और मच्छर निकले। शिकायत करने पर रेस्टोरेंट संचालक ने गलती मानने के बजाय दबंगई दिखाई। उन्होंने बाउंसरों को बुलाकर अधिवक्ता के परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया। रेस्टोरेंट का खाना खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई। उनका इलाज दादरी स्थित सरकारी अस्पताल में कराया गया। वहीं बृहस्पतिवार को नाराज अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट में सहायक अयुक्त खाद्य-2 से मुलाकात की और रेस्टोरेंट की शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की है।