यमुना पुश्ता रोड मरम्मत के लिए प्राधिकरण ने जारी की धनराशि
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-94 से 135 तक 11.20 किलोमीटर के यमुना पुश्ता रोड की रिसर्फेसिंग व साफ-सफाई का काम जल्द शुरू होगा। यह काम कराने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने सिंचाई विभाग को 11 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। पूरी परियोजना पर करीब 35 करोड़ रुपये का खर्च का अनुमान है। प्राधिकरण ने सिंचाई विभाग को काम शुरू करवाने के लिए कहा है। बाकी की धनराशि काम शुरू होने के बाद प्राधिकरण जारी करेगा। 4 लेन की यह पुश्ता रोड वर्ष 2014 बनी थी। इसके बाद से मरम्मत नहीं हुई है, जिसके चलते पूरी सड़क उखड़ चुकी है। बड़े-बड़े गड्ढ़े हो गए हैं और झाड़ियां खड़ी हुई हैं। लोगों का सफर मुश्किल हो रहा है। यहां से गुजरने वाले लोग काफी समय से इसकी मरम्मत की मांग कर रहे थे। प्राधिकरण के एसीईओ सतीश पाल ने बताया कि सिंचाई विभाग से जल्द काम शुरू करवाया जाएगा।