फोटो- आरोपियों से आभूषण, नकदी, तमंचा-कारतूस और बाइक बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों को थाना बिसरख पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से दो फायर किए, लेकिन पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। दूसरे साथी को कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मैनपुरी निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू (38) व पिंटू (33) के रूप में हुई है। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने पीली धातु का एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी ईयररिंग/झुमकी, एक हार, एक अंगूठी सफेद धातु की दो पायल, एक कमरबंद और महिलाओं के चार कड़े, एक लेडीज घड़ी 11,450 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त होंडा बाइक, तमंचा, कारतूस बरामद किए हैं। गिरोह पिछले सात साल से आपराधिक वारदात में लिप्त रहा है। पूर्व में गिरोह का सरगना जितेंद्र जेल जा चुका है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि 27 अगस्त 2026 को सीएचसी बिसरख परिसर में एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर उसमें से ज्वैलरी चोरी कर ली गई थी। मामले में बिसरख कोतवाली पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी क्रम में पुलिस रोजा गोलचक्कर पर वाहनों की जांच कर रही थी। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 12 बजे हरित उपवन पार्क (6 प्रतिशत एरिया) के पास आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग के बाद बदमाश जितेंद्र उर्फ जीतू के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। जितेंद्र उर्फ जीतू ने बताया कि उसने अपने साथी संदीप निवासी बुलंदशहर के साथ मिलकर रोजा जलालपुर की कच्ची कॉलोनी के एक मकान में चोरी की थी।
शातिर है जीतू, 14 मुकदमे दर्ज मिले : जितेंद्र उर्फ जीतू वर्तमान में सेक्टर 39 नोएडा क्षेत्र के गांव भूड़ा में किराए पर रह रहा था। उसका लंबा आपराधिक इतिहास है। उस पर दिल्ली, बुलंदशहर, हाथरस, कासगंज और एटा सहित कई जनपदों में 14 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर चोरी, आर्म्स एक्ट, लूट और चोरी का माल रखने, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं।