- महिला का आरोप बहू ने यूएसए में नौकरी कर रहे बेटे की नौकरी छुड़वाई
- 16 लाख रुपये और 35 लाख के गहने भी हड़पने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-121 की एक शांत दिखने वाली सोसाइटी में चल रहा एक पारिवारिक विवाद अब रहस्य, आरोपों और अंधविश्वास की परतों में उलझता जा रहा है। एक बुजुर्ग महिला ने अपनी ही बहू और उसके मायके वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनसे लाखों रुपये और कीमती गहने हड़प लिए गए। इतना ही नहीं, महिला का कहना है कि उनका बेटा अमेरिका में नौकरी करता था, उसे भी साजिश के तहत नौकरी छोड़ने पर मजबूर किया गया। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से उनकी बहू खुद पर “नौ शक्तियों का साया” होने की बात कहती रही है। जिससे पूरे परिवार में डर और तनाव का माहौल बना रहा। शिकायत मिलने पर कोतवाली फेज-3 पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर 121 एक सोसाइटी में रहने वाली महिला ने पुलिस से शिकायत की है कि उनके बेटे की शादी दिल्ली मयूर विहार में हुई है। शादी से पहले बहू की गंभीर मानसिक बीमारी की जानकारी छिपाई गई। उनका बेटा अमेरिका में नौकरी करता था। शादी के बाद उनकी बहू भी बेटे के साथ रहने गई। आरोप है कि वह अमेरिका में भी अंधविश्वास फैलाकर उसकी नौकरी छुड़वा दी। भारत वापस आने पर वह मूर्ति के सामने खुद को झकझोरना और सिर पिटना शुरू कर दिया। बहू के घर वालों ने उनके बेटे से अलग-अलग बहानों से करीब 16 लाख रुपये भी वसूल लिए। विरोध करने पर बहू के घर वालों ने उनके घर में घुसकर मारपीट और हंगामा किया। 22 सितंबर 2024 को बेटे पर जानलेवा हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। एसीपी उमेश कुमार का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है।