ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर बीटा-2 स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर की ओर से यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने भगवान का रथ खींचा। रथ यात्रा से पहले मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। दोपहर तीन बजे पहंडी रस्म के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद साढ़े तीन बजे रथ पूजा संपन्न हुई। शाम 5:45 बजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा का रथ मंदिर परिसर से रवाना हुआ। रथ यात्रा आई-ब्लॉक, बीटा-2 स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर पूरे सेक्टर का भ्रमण करते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। मंदिर समिति के सदस्य धीरेंद्र मलिक, प्रताप जेना, प्रभात दास का कहना है कि रथ यात्रा के समापन के बाद रात आठ बजे मंदिर परिसर में अन्न प्रसाद का वितरण किया गया।