- सावन के दूसरे सोमवार को मंदिरों में सुबह से शाम तक लगी रही कतार
नोएडा/ग्रेटर नोएडा/जेवर/ रबुपूरा। सावन माह के दूसरे सोमवार को शहर के सभी शिवालयों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्म मुहूर्त से ही भक्तों की लंबी कतारें मंदिरों के बाहर देखी गईं। देवालयों में बोल बम, हर-हर महादेव और जय शिव शंकर के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया।
सोमवार सुबह सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-100 स्थित वोडा महादेव मंदिर, सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर, सेक्टर-2 स्थित लाल मंदिर समेत सेक्टर-49 का शिवधाम मंदिर, सेक्टर-12, 55, 62, होशियारपुर, सर्फाबाद और सलारपुर समेत अन्य शिव मंदिरों में भक्तों की कतार लगी रही। श्रद्धालु जल, बेलपत्र, भांग, धतूरा, दूध, शहद और गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करते नजर आए।
वहीं ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1, 2, अल्फा-1,2, गामा-1, 2, डेल्टा-1,2, ईटा-1,2, नॉलेज पार्क के अलावा दादरी, तिलपता, सादुल्लापुर, बिसरख समेत ग्रेनो वेस्ट की सोसाइटी ऐस डिवीनो, रक्षा अडेला, गौड़ सिटी, फ्लोरा हाइटेज, एसकेए मेट्रो विले, एनआरआई रेजीडेंसी के अलावा अन्य सोसाइटियों में बने शिव मंदिरों में भक्तों की सुबह से भीड़ देखने को मिली। वहीं सेक्टर सोसाइटियों में भी कई धार्मिक आयोजन किये गए। इसके साथ ही जगह-जगह भंडारे, भजन-कीर्तन, कथा वाचन और रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया।
प्रशासन रहा मुस्तैद
मंदिर समितियों के अनुसार आस्था के जन सैलाब और पवित्र अवसर को देखते हुए स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। हर प्रमुख मंदिर पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे से निगरानी भी की गई।
गोरखनाथ बाबा जाहरवीर मंदिर में भक्तों ने किया जलाभिषेक
जेवर के गोरखनाथ बाबा जाहरवीर मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। शिवलिंग पर जल अर्पण के लिए सुबह 5 बजे से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया।
भगवान शिव का किया रुद्राभिषेक
नोएडा सेक्टर 82 स्थित प्राचीन तपोभूमि ब्रह्मचारी कुटी में सोमवार को महंत ओम भारती महाराज के सानिध्य में भगवान शिव का रुद्राभिषेक हुआ। प्रातः साढ़े चार बजे से आचार्य अमित दीक्षित ने मंत्रोच्चार के साथ दुग्धधारा से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करवाया। इस मौके पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे, विकास भारती, अशोक कुमार, ओम कुमार, रवि राघव, सुशील पाल, शिववृत तिवारी सहित अन्य भक्त मौजूद रहे। ब्यूरो
नानकेशर महादेव मंदिर में उमड़ी भीड़
भाईपुर गांव के पास हरियाणा की सीमा पर खादर क्षेत्र में स्थित शिव मंदिर नानकेश्वर महादेव पुरम पर रविवार से महाशिवरात्रि मेला शुरू हो गया था। दूसरे दिन और सावन के दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा अर्चना की। सावन के दूसरे सोमवार के चलते मंदिर में पूजा अर्चना करने वाले भक्तों की भारी संख्या में भीड़ उमड़ पड़ी।