सीएम के निर्देश के बाद भी नो कट जोन में कट रही बिजली
कंट्रोल रूम में शिकायत करने के बाद भी आपूर्ति दुरुस्त नहीं हो सकी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। लखनऊ से आते-आते सीएम के सख्त निर्देश नोएडा में नरम पड़ गए। नो पावर कट जोन वाले नोएडा शहर में लोगों को कई घंटों तक कटौती झेलनी पड़ रही है। शहर के कई सेक्टरों में आपूर्ति का हाल गांव से भी बदतर है।
कंट्रोल रूम में शिकायत करने के बाद भी आपूर्ति दुरुस्त नहीं हो सकी। बिजली नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को सड़कों, पार्कों और छत पर रहकर रात बितानी पड़ी। बार-बार ट्रिपिंग होने के कारण कई उपभोक्ताओं के घरों के उपकरण भी खराब हो गए। सेक्टर-22 में रातभर बिजली ट्रिप होती रही। हाजीपुर में सोमवार रात बाधित हुई। इसी तरह सेक्टर-100 में भी सोमवार को हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट होने की वजह से करीब तीन घंटे तक कटौती झेलनी पड़ी। घंटों बिजली प्रभावित रहने के कारण लोगों का घर में रुकना कठिन हो गया। तब तक लोगों के इंवर्टर ने भी जवाब दे दिया। सेक्टर-15 में रात में गुल हुई बिजली मंगलवार सुबह सुचारू हो सकी। सेक्टर-12, 15, 19, 20 समेत तमाम सेक्टर और गांवों में बिजली की समस्या ने उपभोक्ताओं को परेशान किया। हालांकि बिजली की मांग बढ़ने के साथ ही विद्युत निगम के अभियंता और कर्मी भी रात-रातभर कार्य कर रहे हैं। सोमवार रात में भी विद्युत निगम के अभियंता क्षेत्र में लाइनों को निरीक्षण करने के साथ ही फॉल्ट को दुरुस्त करने में जुटे रहे। सेक्टर-129 की ग्रीन बेल्ट में टूटे 33 केवी के लाइन के तार को भी दुरुस्त किया गया। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता तकनीकी विवेक कुमार पटेल, अधिशासी अभियंता मोहित दीक्षित, अधिशासी अभियंता शशिकांत और एई अनुराग सक्सेना समेत तमाम अभियंता क्षेत्र में भ्रमण करके निर्बाध आपूर्ति देने में जुटे रहे। वहीं विद्युत निगम के मुख्य अभियंता एसके जैन भी कंट्रोल रूम में जिले की सप्लाई पर नजर बनाए रहे और जरूरी दिशा-निर्देश देते रहे।
वर्जन
निर्बाध बिजली देने के लिए विद्युत निगम प्रतिबद्ध है। इसके लिए अधिकारी व कर्मचारी पूरी टीम के साथ शहर का भ्रमण कर रहे हैं। समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। -संजय जैन, मुख्य अभियंता, विद्युत निगम, गौतमबुद्ध नगर