सेक्टर-120 स्थित आम्रपाली जोडिएक सोसाइटी में बच्चों के फंस जाने के कारण बंद कर दी गई थी लिफ्ट
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-120 स्थित आम्रपाली जोडिएक सोसाइटी में लिफ्ट की समस्या के संबंध में पुलिस से शिकायत की गई है। लिफ्ट की समस्या को नजरअंदाज करने पर एओए पदाधिकारियों और कोने एलिवेटर के स्टाफ पर आरोप लगाए गए हैं।
एन टावर निवासी व एओए सदस्य गौरव असाती ने बताया कि 16 नवंबर को सोसाइटी के एन टावर की लिफ्ट में सात बच्चे फंस गए थे। इसके बाद से लिफ्ट ऑपरेटर ने उस लिफ्ट को स्थायी रूप से बंद कर दिया है। इससे टावर निवासी सिर्फ एक ही लिफ्ट का उपयोग कर पा रहे हैं और बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एन टावर निवासियों ने 19 नवंबर को एक शिकायती पत्र लिखकर पुलिस को दिया था। पुलिस ने इस संबंध में एओए पदाधिकारियों से बात की है जिसपर उन्होंने कहा था कि अगले 24 घंटे में लिफ्ट को ठीक करवा दिया जाएगा, लेकिन 21 नवंबर तक लिफ्ट ठीक नहीं हो सकी।