खुफिया इनपुट के बाद प्रमुख नेताओं के घरों के बाहर तैनाती
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से जुड़े खुफिया विभाग से मिले इनपुट के आधार पर विपक्षी नेताओं, किसान नेताओं और श्रमिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को घरों पर नजरबंद किया गया है। शुक्रवार सुबह से देर शाम तक शासन, दिल्ली पुलिस और खुफिया विभाग से मिली लिस्ट के आधार पर ग्रेटर नोएडा और सेंट्रल नोएडा जोन के अलग-अलग थानों की पुलिस ने ऐसे लोगों के लोकेशन निकालने के साथ उनके घर पहुंचकर उन्हें नजरबंद किया। पुलिस को आशंका है कि ये लोग दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं। इसे देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ब्यूरो
यमुना एक्सप्रेसवे समेत प्रमुख मार्गों पर निगरानी
पुलिस यमुना एक्सप्रेसवे, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, जीटी रोड और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी कर रही है। इन मार्गों से ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक, बस और निजी कारों से दिल्ली जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। प्रदर्शन में शामिल होने की आशंका वाले लोगों की पहचान करने के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं। खासतौर पर ऐसे लोगों पर नजर रखी जा रही है, जो संगठित रूप से प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली की ओर जा सकते हैं। अलीगढ़, बुलंदशहर और गाजियाबाद की सीमाओं पर बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है।