2021 तक डिजिटल होगा परिवहन विभाग, ऑनलाइन होंगे ज्यादातर काम
नोएडा। कोरोना की वजह से उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने ज्यादा से ज्यादा कामों को डिजिटल करने की योजना बनाई है। शासन के निर्देश पर खाका तैयार किया जा रहा है। 2021 से लोग अपने सभी काम ऑनलाइन करा पाएंगे। हालांकि, डीएल बनवाने के लिए एक बार आवेदक को अधिकारी के सामने आना पड़ेगा। वहीं, इस दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। शुरुआत वाहन डीलरों से की गई है। वाहन डीलरों को अपने डिजिटल हस्ताक्षर वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग वर्तमान समय में कई ऑनलाइन सेवाएं दे रहा है, लेकिन लोगों को हार्ड कॉपी लेकर कार्यालय आना पड़ता है। अब कोरोना संक्रमण से बचने के लिए नई पहल की जा रही है। अब डीलरों की फाइल ऑनलाइन अप्रूव की जाएगी। उनके डिजिटल हस्ताक्षर मांगे गए हैं। अधिकारियों को इन फाइलों को तीन दिन में अप्रूव करना या फिर लौटाना होगा। देरी होने पर कारण बताना होगा। इसी तरह पुराने वाहन बेचने के बाद ऑनलाइन ट्रांसफर होंगे। वाहनों के फिटनेस का काम भी सरकार निजी गैराज को देनी की योजना बना रही है। फिटनेस की पूरी जिम्मेदारी गैराज की होगी। गड़बड़ी मिलने पर वाहन स्वामी और गैराज पर कार्रवाई होगी।
लाइसेंस के लिए ऑनलाइन टेस्ट
ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर वैसे तो घर से ऑनलाइन टेस्ट दे सकेंगे। जिन लोगों के पास यह व्यवस्था नहीं होगी वह पास के जन सुविधा केंद्र पर 20 रुपये में काम करा सकेंगे। हालांकि, आवेदक को एक बार ऑफिस आना होगा। ताकि देखा जा सके कि वह शारीरिक रूप से सही हैं या नहीं। इसके बाद वाहन चलवाकर देखा जाएगा। फिर लाइसेंस जारी किया जाएगा।
एनओसी की परेशानी होगी दूर
1997 में जिला बनने के बाद परिवहन विभाग का काम काफी दिन तक गाजियाबाद में होता रहा। बाद में सेक्टर-33 नोएडा में अस्थायी भवन में शिफ्ट कर दिया था। वाहनों से संबंधित 7.30 लाख से अधिक फाइलों का रखरखाव ठीक से नहीं हो पाया। ऐसे में कर्मचारियों को फाइल तलाश करने में पसीने छूटते हैं। ऑनलाइन व्यवस्था से आसानी होगी।
शासन के निर्देश पर परिवहन विभाग वाहन विक्रेता डीलरों के हस्ताक्षर डिजिटल करा रहा है। ताकि वाहन संबंधित काम ऑनलाइन किया जा सके। जिन डीलरों के हस्ताक्षर परिवहन विभाग की वेबसाइट पर अपलोड किए गए हैं, फिलहाल उन्हीं का काम किया जा रहा है।
एके पांडेय, एआरटीओ प्रशासन
परिवहन विभाग को डिजिटल बनाने के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। ताकि लोग घर बैठे ऑनलाइन काम करा सकें। काफी हद तक व्यवस्था बन चुकी है, लेकिन कुछ काम बाकी हैं। उनको भी जल्द ऑनलाइन करने की तैयारी है।
अशोक कटारिया, परिवहन राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश