मारुति प्लांट लगवाने के लिए युवाओं का प्रदर्शन
नगीना। बेरोजगारी के खिलाफ बड़कली चौक पर दर्जनों युवाओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। उनकी मांग है कि जिले में बेरोजगारी खत्म करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार यहां मारुति प्लांट लगवाएं। इसके लिए युवा ट्विटर पर भी अभियान चला रहे हैं।
प्रदर्शन करने वाले युवाओं कहना था कि नीति आयोग ने नूंह को देश के सबसे पिछड़े जिलों में शामिल किया है। बड़े-बड़े दावों के बाद भी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है। बड़ी संख्या में जिले के युवा ट्रक ड्राइवरी करते हैं, उनके पास रोजगार का कोई और साधन नहीं हैं। आसपास कारखाने भी नहीं हैं। वहीं सिंचाई के लिए नहरों में पानी की व्यवस्था नहीं होने से कृषि पर निर्भर लोग भी परेशान हैं। वसीम, सलीम, मुश्ताक ने बताया कि पुन्हाना और नूंह के कुछ गांवों में ही नहर का पानी उपलब्ध है, बाकि क्षेत्रों में किसान सिंचाई के लिए सिर्फ बरसात पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार गुरुग्राम के मारुति प्लांट को सोहना या रेवाड़ी में लगाना चाहती है, जबकि बेहतर होगा कि प्लांट बड़कली चौक के आसपास जिले के बीचों-बीच लगाया जाए। इससे पूरे जिले के युवाओं को रोजगार मिल सकेगा वहीं मेवात का पिछड़ापन भी दूर होगा। इस संबंध में युवाओं ने ट्विटर पर एक हैशटैग भी शुरू किया है। इसके माध्यम से अन्य प्रदेशों में बसे क्षेत्र के युवाओं को जोड़कर मारुति प्लांट मेवात में लगवाने की अपील की जा रही है। ट्विटर पर शुरू किए गए अभियान में सलीम उलेटा, मुबारिक अटेरना, जावेद, आलम गुम्मट, जुनेद खान, मुस्तफा अहमद, साहिर खान, जावेद असाईसिका, साहिल खां, मोहम्मद साबिर मजाहिरी, मुस्तकीम आदि शामिल हैं।