होडल। गांव बंचारी स्थित शहीद बीरबल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवन की जर्जर हालत को लेकर सोमवार को अखिल भारतीय किसान सभा व अभिभावकों ने स्कूल परिसर में जाकर धरना दिया। शिक्षा विभाग व स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रधानाचार्य को ज्ञापन देकर नया स्कूल भवन बनवाने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि भवन जल्द नहीं बना और कोई हादसा हुआ तो उसका जिम्मेदार शिक्षा विभाग होगा।
बता दें कि बंचारी में शौर्य चक्र विजेता शहीद बीरबल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय है, जिसके भवन की हालत इतनी खस्ता है कि हर दिन स्कूल के कमरों की छत का प्लास्टर झड़-झड़कर गिरता रहता है। हालात इतनी खराब हो चुकी है कि यह कभी भी गिर सकती है और उस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे भी बड़े हादसे का शिकार हो सकते हैं। इस स्कूल के भवन को पुन: बनाने की तरफ न तो शिक्षा विभाग का ध्यान है और न ही सरकार का। वर्ष 2017 में इस स्कूल के भवन को जिला उपायुक्त द्वारा गठित की गई अतिरिक्त उपायुक्त, कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग, कार्यकारी अभियंता पंचायती राज तथा जिला शिक्षा अधिकारी की कमेटी विद्यालय के भवन को पूरी तरह जर्जर घोषित कर चुकी हैं।
इस अवसर पर किसान सभा के उप प्रधान दरयाब व ब्लॉक प्रधान उदयवीर, भागीरथ बेनीवाल, रमन लाल पंखिया, गोविंद राम, बृजपाल, लहरी खिरबी, डालचंद सूबेदार, भरत लाल दादा रतन अँची, तेजराम, मवासी पांचाल, मुरारी, गुली मेम्बर, सुंदर, सुनील डीपी ने अपने विचार रखे।