ग्रेनो वेस्ट की कासा ग्रींस-1 सोसाइटी निवासियों ने रजिस्ट्री न होने के विरोध में शनिवार को नोएडा सेक्टर-63 स्थित बिल्डर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। सोसाइटी निवासियों का आरोप है कि 2016-17 से 250 रजिस्ट्रियां लंबित हैं। जबकि खरीदार सभी भुगतान कर चुके हैं। बिल्डर से जब भी रजिस्ट्री कराने के लिए कहा जाता है तो कोई सुनवाई ही नहीं होती।
सभी खरीदार स्टांप पेपर खरीद चुके हैं। बिल्डर की ओर से फाइनल किस्त 6.5 करोड़ रुपये जमा नहीं करने से 225 फ्लैटों की रजिस्ट्रियां नहीं हो पा रही है। एओए और सोसाइटीवासी प्राधिकरण और जिलाधिकारी के अलावा अन्य अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। अगर जल्द रजिस्ट्री नहीं हुई, तो बड़े स्तर पर प्रदर्शन होगा। प्रदर्शन के दौरान एओए सचिव महेश यादव, एओए सदस्य अनुपमा मिश्रा, एसपी गुप्ता, डॉ. मसूद अहमद, सुधीर कुलश्रेष्ठ, पीके श्रीवास्तव, जितेंद्र कुमार, मोहित त्रिपाठी, अंकित श्रीवास्तव, सौरभ विश्नोई आदि मौजूद रहे।