संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। मेवात क्षेत्र के मरीजों और आम लोगों की सुविधा को देखते हुए फिरोजपुर झिरका से नूंह होते हुए पीजीआई रोहतक तक सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग उठी है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि मेवात से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पीजीआई रोहतक जाते हैं, लेकिन सीधी बस सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें बीच रास्ते में बस बदलनी पड़ती है। इससे मरीजों, बुजुर्गों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हिदायत खान कमांडो सहित कई लोगों ने हरियाणा रोडवेज प्रशासन से मांग की है कि फिरोजपुर झिरका से सुबह करीब छह बजे बस रवाना की जाए, जो नूंह होते हुए पीजीआई रोहतक पहुंचे। इससे मरीजों को सुबह अस्पताल पहुंचकर समय पर उपचार और जांच की सुविधा मिल सकेगी।
क्षेत्रवासियों का सुझाव है कि पीजीआई पहुंचने के बाद बस को दिन के समय स्थानीय रूट पर चलाया जा सकता है, जिससे रोडवेज को अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त होगा और बस का बेहतर उपयोग हो सकेगा। इसके बाद शाम चार से पांच बजे के बीच बस को पीजीआई रोहतक से वापस नूंह होते हुए फिरोजपुर झिरका के लिए रवाना किया जाए।