नोएडा। सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन के बाहर बढ़ रहे अतिक्रमण से यातायात प्रभावित हो रहा है और पैदल चलना भी मुश्किल बन गया है। इसी मुद्दे पर कॉन्फेडरेशन ऑफ एनसीआर नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (कोनरवा) ने नोएडा प्राधिकरण को पत्र भेजकर अतिक्रमण हटाने की मांग की है। पत्र की प्रति मुख्यमंत्री को भी भेजी गई है।
कोनरवा अध्यक्ष पीएस जैन के अनुसार, सेक्टर-18 और अट्टा मार्केट क्षेत्र में अतिक्रमण चरम पर है, जिससे लोगों को चलना-फिरना कठिन हो गया है। उनका कहना है कि नोएडा प्राधिकरण पार्किंग खत्म कर नए कियोस्क बनाने की योजना पर काम कर रहा है, जो जनता के हित में नहीं है। वहीं डीएमआरसी द्वारा मेट्रो स्टेशन के आस-पास के स्थानों को किराये पर देने से भी भीड़ और अव्यवस्था बढ़ रही है। कोनरवा ने मांग की है कि अतिक्रमण हटाकर यातायात सुचारू किया जाए और पैदल यात्रियों की परेशानी दूर की जाए।