ग्रेटर नोएडा (संवाद)। निजी अस्पतालों में इलाज, जांच और सर्जरी की मनमानी फीस के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं और अधिवक्ताओं ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को ज्ञापन भेजा। चिकित्सा शुल्क व्यवस्था में पारदर्शिता और एकरूपता की मांग उठाई। कॉन्फेडरेशन ऑफ एनसीआर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (कोनरवा) के अध्यक्ष डॉ. पीएस जैन और महासचिव अनिल शर्मा ने बताया कि निजी अस्पतालों में मरीजों से उपचार, जांच, सर्जरी व अन्य चिकित्सीय सेवाओं के नाम पर मनमाने ढंग से शुल्क वसूला जाता है। इसकी रोकथाम के लिए अधिकतम दरें निर्धारित की जाएं। ये दरें बीमा कंपनियों तथा केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा स्वीकृत चिकित्सा दरों से अधिक नहीं होनी चाहिए।