नोएडा सेक्टर 154 में किसान पंचायत का आयोजन
फोटो-
-महापंचायत में आबादी निस्तारण और मंदिर में गंदा पानी भरने की समस्या भी उठाई
नोएडा। सेक्टर-154 स्थित बदौली गांव में मंगलवार को भारतीय किसान संगठन की महापंचायत हुई। इसमें ग्रामीणों ने जल-सीवर कनेक्शन, आबादी निस्तारण और मंदिर परिसर में गंदा पानी भरने की समस्या उठाई। पंचायत की अध्यक्षता भूपान नंबरदार ने की। ग्रामीणों ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही के कारण किसानों को अब तक पांच प्रतिशत आवासीय भूखंड नहीं मिले हैं। उन्होंने गांव में जल-सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए प्राधिकरण से शिविर लगाने की मांग की। साथ ही प्राचीन मंदिर परिसर में जोहड़ का गंदा पानी भरने की समस्या का समाधान कराने की बात कही। ग्रामीणों ने मंदिर परिसर को ऊंचा करने और तालाब को परिसर से अलग करने की मांग भी रखी। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने कहा कि किसानों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी। इस दौरान प्रवीण भाटी को संगठन का महानगर उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। पंचायत का संचालन महानगर अध्यक्ष दीपू यादव ने किया। ब्यूरो