20 रोहतक के सुभाष चौक पर सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन करते नागरिक मंच के सद
रोहतक। गांधी जयंती पर मानसरोवर पार्क में सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के विरोध में नागरिक मंच की ओर से प्रदर्शन किया गया। राज्य अध्यक्ष प्रमोद गौरी ने लद्दाख में हुई इस गिरफ्तारी को पूर्ण रूप से गलत बताते हुए उन्हें तुरंत रिहा करने की मांग की है।
सीटू नेता सुरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार बड़े पूंजीपतियों को लद्दाख के समृद्ध संसाधनों पर कब्जा करने की छूट दे रही है। दूसरी ओर स्थानीय लोगों की आवाज को दबा रही है। पूर्व कैप्टन शमशेर मलिक ने लद्दाख को सैन्य दृष्टि से रणनीतिक महत्व का क्षेत्र बताया और वहां के लोगों को देशभक्त बताया।
सेवानिवृत्त प्रो. राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सोनम वांगचुक की ही तरह हमें नागरिकों का आह्वान करना चाहिए कि तमाम समस्याएं शांतिपूर्ण और अहिंसक आंदोलन से ही हल करवाई जाएं। मनीषा ने कहा कि लद्दाख के पारिस्थितिक तंत्र को बचाने के लिए संघर्षरत सोनम वांगचुक के साथ देशवासियों को पूरी सहानुभूति रखनी चाहिए।
सविता मलिक ने कहा कि हमें आम जनता तक सोनम वांगचुक के कार्य के महत्व को पहुंचाना चाहिए। इस मौके पर एडवोकेट वीना मलिक, किसान सभा से प्रीत सिंह एवं इंद्रजीत सिंह, छात्र नेता अमित, महिला नेत्री राजकुमारी दहिया, सप्तरंग की सचिव मुकेश यादव भी उपस्थित रहे।