- एओए पर प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप, एनपीसीएल की टीम लौटी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित पंचशील हाईनिश सोसाइटी में मल्टीपॉइंट बिजली कनेक्शन को लेकर विवाद गहरा गया है। निवासियों ने एओए पर कनेक्शन लगाने की प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अलग-अलग मीटर लगने से बिजली खपत का स्पष्ट हिसाब मिलेगा और बिलिंग में पारदर्शिता आएगी।
निवासी राम मोहन सिंह और सुकृति भट्टाचार्य ने बताया कि एनपीसीएल सोसाइटी में सर्वे करा चुका है। 22 अक्तूबर को बिल्डर और एओए को नोटिस जारी कर 28 अक्तूबर से कनेक्शन लगाने की सूचना दी गई थी। निर्धारित तारीख पर पहुंची एनपीसीएल की टीम को एओए के विरोध के चलते लौटना पड़ा। निवासियों का आरोप है कि सिंगल पॉइंट व्यवस्था में बिजली रिचार्ज को अन्य बकाया भुगतान से जोड़ने की शिकायतें आती रही हैं। उन्होंने एनपीसीएल और प्रशासन से जल्द मल्टीपॉइंट कनेक्शन शुरू कराने, टीम को सुरक्षा देने और प्रत्येक फ्लैट में अलग मीटर लगाने की समयबद्ध योजना लागू करने की मांग की है। ब्यूरो