नोएडा प्राधिकरण के सीईओ से मिला फोनरवा प्रतिनिधिमंडल, सेक्टरों के विकास, अतिक्रमण और वेंडिंग जोन पर भी की चर्चा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की ओर बनाए गए एचआईजी, एमआईजी, एलआईजी और ईडब्ल्यूएस वर्गों के लिए कई आवासीय फ्लैट अब जर्जर स्थिति में पहुंच चुके हैं। इन आवासीय इकाइयों के लिए एक सुस्पष्ट नवीनीकरण नीति निर्धारित की जाए जिससे बाहरी प्लास्टर, कॉमन एरिया, सीढ़ियों आदि की मरम्मत की जा सके। यह कार्य निवासियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से बहुत जरूरी है। यह मांग फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकेश एम से की है।
फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा और महासचिव केके जैन ने नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में चल रहे विकास कार्यों, अतिक्रमण, वेंडिंग जोन और निवासियों की अन्य प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए और निवासियों के विरोध के बावजूद कई सेक्टरों में अनधिकृत फेरीवाले, ठेले और खोखे बढ़ते जा रहे हैं। इसके साथ ही आरडब्ल्यूए सब्सक्रिप्शन न देने वाले निवासियों पर कार्रवाई, पार्किंग शुल्क में कमी जैसे अन्य अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सीईओ लोकेश एम ने संबंधित अधिकारियों के निर्देश दिए। इस अवसर पर विजय भाटी, पवन यादव, उमाशंकर शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।