नोएडा के सेक्टर-45 कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले ज्ञान सिंह की बिटिया की शादी नौ फरवरी को होनी थी। बारात फरीदाबाद स्थित एनआईटी के संजय कॉलोनी से आने वाली थी। तैयारियां पूरी हो चुकी, मेहमान आ चुके पर दूल्हे के घर वाले बारात भेजने के लिए राजी नहीं हुए।
बेटी के पिता ने लाख मिन्नतें की, लेकिन दूल्हे के परिवार पर कोई असर नहीं पड़ा। जिसके कारण एक पिता को बेटी के हाथ पीले कर घर से लाल जोड़े में विदा करने की हसरतें टूट कर कांच की तरह बिखर गए। खुद को संभालते हुए उन्होंने मामले की शिकायत कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस से कर दी। पुलिस शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
कोतवाली प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि पीड़ित ज्ञान सिंह ने दी शिकायत में बताया है कि वह अपनी पुत्री की शादी फरीदाबाद के संजय कॉलोनी निवासी नितिन के साथ तय हुई थी। नौ फरवरी को बारात आनी थी। इससे पहले उन्होंने दहेज के रुप में काफी सामान नितिन के परिजन को भिजवा दिया। एक दिन पहले आठ फरवरी को 4.30 लाख रुपये कार खरीदने के लिए भी दूल्हे के परिजन को दे दिए, जिससे उन्हें टाटा कंपनी की एक कार खरीदनी थी। इन रुपयों को लेने के बाद बिचौलिये के माध्यम से दूल्हे के परिजन ने 75 हजार रुपये नकद, एक सोने की अंगूठी व एक सोने की चेन देने की मांग करने लगे।
इतनी जल्दी व्यवस्था करने में लाचारी दिखाने पर दूल्हे के परिजन ने बारात भेजने से मना कर दिया। इधर ज्ञान सिंह बिटिया की शादी व बारात की तैयारी के पूरे इंतजाम कर चुके थे। उनकी पूरी दुनिया लूट चुकी थी। उनका पूरा परिवार इस घटना से सदमे में हैं। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की है। एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत दर्ज कर छानबीन की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर छानबीन कर रही है। दोनों परिवारों के साथ बातचीत कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।