ग्रेटर नोएडा (संवाद)। जगत फार्म मार्केट में दिवाली पर घरों की सजावट के सामान की मांग बढ़ी है। बाजार में आकर्षक तोरण, झूमर और रंग-बिरंगे दीये ग्राहकों को लुभा रहे हैं। गेंदे के फूल, मोती और कपड़े से बने डिजाइनर तोरण पसंद किए जा रहे हैं। इनकी कीमत 250 से 800 रुपये तक है। दुकानों पर छतरीनुमा झूमर और दरवाजों के लिए बंदनवार की कई किस्में उपलब्ध हैं। सजावटी दीयों के आकर्षक डिजाइन भी लोगों को पसंद आ रहे हैं। लोग घरों और दुकानों को सजाने के लिए ये सामान खरीद रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार, इस बार हस्तनिर्मित और फैंसी तोरण की मांग अधिक है।