नूंह। हरियाणा कांग्रेस विधायक दल के उप नेता व सीएलपी उप नेता चौधरी आफताब अहमद ने मंगलवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ बैठक कर रमजान माह को देखते हुए रात्रि कर्फ्यू के समय में बदलाव की मांग की है। विधायक का कहना है कि रमजान माह को देखते हुए रात्रि कर्फ्यू का समय रात 10.30 बजे से सुबह 4 बजे तक किया जाए, ताकि रोजे रखने वालों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
आफताब अहमद ने पत्र सौंपकर मुख्यमंत्री से कहा है कि समाज के काफ़ी जिम्मेदार लोगों, मौलानाओं, बुद्धिजीवियों ने उनसे मिलकर आग्रह किया है कि रात में लगे कर्फ्यू के समय में कुछ तब्दीली की जाए। विधायक ने कहा है कि रात में मुस्लिम भाई तराबी पढ़ते हैं जो रमजान माह का एक अभिन्न व महत्वपूर्ण अंग है। इसमें घंटे भर से भी अधिक समय लगता है। इस पूरी प्रक्रिया में रात के 10 बज जाते हैं इसलिए रात्रि कफ़्र्यू के समय को 10.30 रात से सुबह 4 बजे तक किया जाए। आफताब अहमद ने मुख्यमंत्री को एक अन्य पत्र देकर मेवात क्षेत्र को कम से 22 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग की है। विधायक ने कहा कि लोगों को स्वच्छ पीने का पानी मुहैया कराया जाए, गांवों में तालाबों में साफ पानी भरा जाए, फसल खरीद प्रक्रिया को सुचारू व सरल किया जाए, सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मुहैया कराया जाए ताकि रमजान के महीने में रोजेदारों को दिक्कत पेश नहीं आए।