- पांच साल से बसें बंद होने से परेशानी झेल रहे थे दैनिक यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा।
भंगेल में एलिवेटेड रोड खुलने के बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। इसी के साथ इस रूट पर पांच साल से बंद पड़ी बस सेवाओं को दोबारा शुरू करने की मांग उठी है। निर्माण कार्य के चलते दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। 30 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए यात्रियों को अन्य रूटों का सहारा लेना पड़ता था। दादरी से सीधी बस सेक्टर-37 होते हुए सेक्टर-6 तक जा सकेगी।
दादरी से नोएडा का सेक्टर-6 रूट सबसे पुराना है। इस रूट पर करीब दो सौ निजी बसें और पचास रोडवेज बसें चलती रही हैं। दादरी से सूरजपुर, भंगेल, सिलारपुर, बरौला, सेक्टर 37, सेक्टर 27 होते हुए सेक्टर 6 तक बसें संचालित होती थीं। 30 किलोमीटर लंबे इस रूट पर दिन-रात बसें चलती थीं। भंगेल में एलिवेटेड रोड के निर्माण के चलते यह रास्ता बंद हो गया था और पिछले पांच सालों में इस रूट पर निजी बसों का संचालन बंद हो गया। यात्रियों को अब पांच-छह ऑटो बदलकर यात्रा करनी पड़ती है।
भंगेल एलिवेटेड रोड खुलने पर फिर चलेंगी बसें
भंगेल एलिवेटेड को निजी वाहनों के लिए खोडा गया है। अब पांच साल से बंद बस सेवाओं का संचालन भी संभव है। इस रूट पर बसें चलने से रेल मार्ग से आने वाले यात्रियों को नोएडा आने-जाने में सुविधा मिलेगी। उन्हें अब परी चौक या 130 मीटर रोड से नहीं गुजरना पड़ेगा।
नोएडा डिपो के एआरएम को लिखा पत्र
आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. आनंद आर्य ने नोएडा डिपो के एआरएम को पत्र लिखकर दादरी-नोएडा रूट पर बसें दोबारा से चालू करने की मांग की है।
इस रूट के लिए जल्द ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की इलेक्ट्रिक बसें मिलने वाली हैं। इनके मिलने के बाद लोकल रूटों पर बसों का संचालन होगा।
-
अनिल कुमार शर्मा, एआरएम ग्रेटर नोएडा डिपो